गया, 19 अक्टूबर 2024 - गया पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने 9 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात नक्सली वसंत महतो को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। वसंत महतो, जिसने कई गंभीर अपराधों को अंजाम दिया है, अपने घर देवचन्दडीह (थाना भदवर) में छुपा हुआ था।
STF और पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया और छापेमारी कर उसे धर दबोचा। वसंत महतो पर 2015 में CRPF के जवानों पर किए गए IED ब्लास्ट का मुख्य आरोपी होने का आरोप है, जिसमें दो जवानों की मौत हो गई थी और कई घायल हुए थे। यह घटना डुमरिया थाना क्षेत्र के सलैया मोड़ के पास हुई थी, जिसे लेकर कई धाराओं में केस दर्ज है।
इससे पहले इस कांड में शामिल 8 अन्य नक्सलियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन वसंत महतो पिछले 9 वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी गया पुलिस और STF के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
गया पुलिस और STF के इस साहसिक ऑपरेशन में शामिल अधिकारियों और जवानों को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
0 टिप्पणियाँ