गया पुलिस ने लूटपाट के एक बड़े मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई बोधगया थाना क्षेत्र में हुई एक लूटकांड की जांच के दौरान की। गिरफ्तार आरोपियों में राधे राज उर्फ सुभम कुमार, अंकित कुमार और विजय कुमार शामिल हैं। इनके पास से सोने के जेवरात जिनका वजन 30.490 ग्राम है बरामद किया गया जिसकी अनुमानित मूल्य लगभग 2.18 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह मामला 26 जून 2024 का है, जब बोधगया के मधुवन स्वीट्स के पास एक महिला से सोने की चेन छीन ली गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से घटना में शामिल एक आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने इस मामले की गहन जांच शुरू की थी।
पुलिस द्वारा तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद यह पता चला कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपी विष्णुपद थाना क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राधे राज उर्फ सुभम कुमार को पकड़ा, जिसने बाकी आरोपियों की जानकारी दी। पुलिस ने उसके निशानदेही पर अंकित कुमार और विजय कुमार को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के बारे में खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी छीनतई के जेवरात को बेचने का काम करते थे। अंकित कुमार इन जेवरातों को विजय कुमार की दुकान पर पिघलवाकर नए आभूषण बनाकर बाजार में बेचता था।
पुलिस ने इन आरोपियों के पास से सोने का नथिया, जितिया और लॉकेट बरामद किया है। राधे राज उर्फ सुभम कुमार के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिसमें लूट और धोखाधड़ी के आरोप शामिल हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। इस मामले में बरामद जेवरात और आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
0 टिप्पणियाँ