गया जिले में अफीम की खेती, बिक्री और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धनगाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण गिरफ्तारी की है।
धनगाई थानाध्यक्ष को 19 फरवरी 2024 को सूचना मिली थी कि कदल और चांदो गांव के पास वन भूमि और रैती भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक गया को जानकारी दी गई और पुलिस तथा एसएसबी के सशस्त्र बलों ने मिलकर उस इलाके में छापा मारा। इस अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में अफीम की खेती को नष्ट कर दिया गया था। इस मामले में धनगाई थाना कांड संख्या-14/24 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक गया के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 9 नवंबर 2024 को धनगाई थानाध्यक्ष ने कांड संख्या - 14/24 के फरार आरोपी राजू मांझी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार राजू मांझी, पिता जागो मांझी, ग्राम चांदो, थाना धनगाई, जिला गया का निवासी है।
0 टिप्पणियाँ