गया पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी रौशन पासवान को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामला 27 जून 2024 का है, जब वादिनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जमीनी विवाद को लेकर रौशन पासवान और उसके सहयोगियों ने गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस संबंध में आमस थाना में कांड संख्या 176/24 के तहत केस दर्ज किया गया था।
आमस थानाध्यक्ष ने 27 नवंबर 2024 को विशेष छापेमारी कर आरोपी रौशन पासवान को गिरफ्तार किया। इससे पहले इस कांड के एक अन्य आरोपी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपी रौशन पासवान, पिता सरेन्द्र पासवान, अकौना गांव, थाना आमस, जिला गया का निवासी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ