गया, 12 मार्च 2025। वरीय पुलिस अधीक्षक, गया ने बुधवार को यातायात थाना का निरीक्षण किया और यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वन-वे, नो पार्किंग और ओवरटेकिंग जैसे नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। नियम तोड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही, आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही गई। वरीय पुलिस अधीक्षक ने शहर के उन प्रमुख स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां जाम की समस्या बनी रहती है। उन्होंने इन स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर जाम की समस्या का शीघ्र समाधान करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गया शहर की अंतरराष्ट्रीय पहचान को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। उन्होंने यातायात पुलिस से हर स्थिति में सतर्क रहते हुए नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा, जिससे शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
0 टिप्पणियाँ