गया, 17 फरवरी 2025। बुनियादगंज थाना क्षेत्र के पांडाविगहा बांध के पास 16 फरवरी को खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने के मामले में गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष और सशस्त्र बल घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पहचान के बाद पोस्टमार्टम के लिए एएनएमसीएच भेजा। मृतक अवध किशोर यादव की पत्नी के लिखित आवेदन पर बुनियादगंज थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने पारंपरिक और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का नाम धर्मेन्द्र कुमार, पे० दिनेश यादव, शिवनन्दन यादव, पे० स्व० विसम्बर यादव, अरबिन्द कुमार, पे० देवनन्दन यादव, रामश्रय यादव, पे० कुलदीप यादव, दिनेश यादव, पे० स्व० दिसम्बर यादव, गुड्डु यादव, पे० शिवनन्दन यादव एवं राहुल कुमार, पे० चन्द्रदेव यादव सभी सा० पण्डाविगहा, थाना बुनियादगंज, जिला गया के निवासी हैं। पूछताछ में मुख्य आरोपी दिनेश यादव ने खेत के पटवन को लेकर हुए विवाद के कारण हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
0 टिप्पणियाँ